महादेवा (बाराबंकी)। पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही दिन पर दिन बढ़ती जा रही है, लेकिन अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। कोई भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देने वाला है। पहले ग्रामीण क्षेत्रों में अंधाधुंध बिजली कटौती हो रही थी।
परंतु रविवार की रात करीब आठ बजे रामनगर के आधे कस्बे की बिजली रातभर गुल रही। लोग बिजली के इंतजार में परेशान होकर अधिकारियों के नंबर मिलाते रहे लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके चलते लोग रात में जहां सड़कों पर टहलते नजर आए वहीं दिन भी बिना बिजली के काटनी पड़ी।
रविवार की रात आठ बजे रामनगर के आधे कस्बा की बिजली अचानक गुल हो गई। इससे धमेड़ी, लखरौरा, चौहट्टा सहित करीब 200 घरों में अंधेरा हो गया। इससे करीब पांच हजार आबादी बाधित रही। कस्बा वासियों ने रात में ही पावर हाउस का नंबर मिलाया परंतु किसी भी अधिकारी ने सही जवाब नहीं दिया।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दो लाइनमैनों ने शिवकैलास गौतम के घर के पास जर्जर टूटे तार को दुरुस्त किया। इसके बाद पता चला कि लखरौरा मोहल्ला में रखा ट्रांसफार्मर फुंक गया है। दिनभर बिजली कर्मचारी लगे रहे, परंतु ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। था।
एसडीओ विकास सोनी का कहना है कि तार जर्जर होने के चलते खराबी आई थी जिसे दुरुस्त कराया गया। लखरौरा में फुंके ट्रांसफार्मर को बदलवाने का प्रयास चल रहा है। देर रात तक बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।