बाराबंकी। हैदरगढ़ क्षेत्र के तमाम गांवों में रात भर उमस और गर्मी से परेशान लोगों का सोमवार का दिन भी दोपहर तक बिजली कटौती के बीच गुजरा। ग्रामीण इलाकों में अघोषित कटौती के चलते लोग परेशान रहे, मगर जिम्मेदार फोन उठाने से बचते रहे। बिजली गुल होने से जहां लोगों की नींद उड़ गई, वहीं लोगों की दिनचर्या पर भी इसका असर रहा।
हैदरगढ़ क्षेत्र के वैद्यखेर, अंसारी, नैपुरा, खेरवा, रौली, लाही, पोखरा, बहुता, बेड़ौरा, परीवां, बरावां, कमेला, इस्माइलपुर सहित डेढ़ सौ गांवों में 10 घंटे बिजली गुल रही। रविवार रात के अलावा सोमवार को दिन में सुबह नौ से तीन घंटा व दिन में दो से तीन घंटा बिजली आपूर्ति ठप रही। रात में कई बार बिजली गई लेकिन आधा से एक घंटे में आ गई।
बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। अधिशासी अभियंता सत्येंद्र पांडेय का कहना है कि बिजली आपूर्ति में लगातार सुधार हो रहा है। फतेहपुर क्षेत्र में ग्राम दौलतपुर, रंजीतपुर, छेदा, गौरा सैलक, किसुनीपुर, तुर्कोली, लालपुर, ताड़पुर, लकोड़ा, जगतपुर समेत करीब 20 गांवों में नौ घंटे बिजली गुल रही।
रविवार रात 12 बजे सिर्फ 10 मिनट के लिए बिजली आई और इसके बाद फिर से बिजली बंद हो गई। रातभर ग्रामीण अंधेरे में रहे। सुबह बिजली आने की उम्मीद थी लेकिन 10 बजे तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। रमेश, सदानंद, पुनवासी, मायाराम आदि ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी व कर्मचारी फोन रिसीव नहीं करते।
शहर में कई चरणों में दो घंटे बिजली कटौती हुई। अधिशासी अभियंता आरके मिश्र का कहना है कि बिजली कटौती नहीं की जा रही है। फाल्ट को दुरुस्त करने के लिए शटडाउन लिया जाता है। अधिक से अधिक बिजली आपूर्ति का प्रयास किया जा रहा है।