बाराबंकी। डाक सेवाओं और पेंशन से जुड़ी पुरानी व लंबित शिकायतों के समाधान के लिए डाक विभाग की ओर से छह अक्तूबर को अधीक्षक डाकघर कार्यालय में डाक अदालत लगाई जाएगी। सुनवाई सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक होगी। इसमें उन शिकायतों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका पहले निस्तारण नहीं हो सका है। डाक विभाग ऐसी लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए डाक अदालत आयोजित करता है।
समयबद्ध कार्रवाई के लिए आवेदकों की लिखित शिकायत एक अक्तूबर 2026 तक कार्यालय में पहुंचना जरूरी है। इसके बाद प्राप्त शिकायतों पर विचार नहीं किया जाएगा। आवेदकों को पत्र पर स्पष्ट रूप से डाक अदालत दिनांक 06.10.2026 में सुनवाई के लिए लिखना होगा।
अधीक्षक डाकघर मंडल पुरुषोत्तम नाथ ने बताया कि जनहित में आयोजित डाक एवं पेंशन अदालत का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने लंबित शिकायतों वाले आवेदकों से एक अक्तूबर तक लिखित आवेदन जमा कराने की अपील की, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।