बाराबंकी। जिले में कोरोना के संक्रमण पर काबू पाने की प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की कोशिश सफल नहीं हो पा रही है। रविवार को जिले में 87 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनमें 30 लोग पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रही कंपनी के कर्मचारी हैं। 41 कर्मचारी पहले संक्रमित पाए जा चुके हैं। इससे अन्य कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। अन्य संक्रमितों में तीन मासूम भी शामिल हैं। मासूमों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण में लगी कंपनी के कर्मचारी लगातार कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। रविवार को 30 और कर्मचारी संक्रमित पाए गए। 31 कर्मचारी शनिवार को और 10 उससे पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। संक्रमण बढ़ने से कर्मचारियों में दहशत है लेकिन कंपनी की ओर से कार्य बंद नहीं किया गया है। हैदरगढ़ एसडीएम आनंद वर्धन का कहना है कि संक्रमित मिले कर्मचारियों को होम आइसोलेशन में रख चिकित्सकों द्वारा निगरानी की जा रही है। एक्सप्रेस-वे निर्माण में कंपनी के पांच सौ कर्मचारी लगे हैं। उधर फतेहपुर के बिलौली महाराज के रहने वाले एक वर्ष आयु के दो मासूम भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। शहर के लखपेड़ाबाग मोहल्ले में छह वर्षीय बालकसमेत चार लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। बिलौली महराज में रविवार को सात और मसौली में पांच मरीज पाए गए हैं।
इसके अलावा विजया बैंक का एक कर्मचारी, सेंट्रल बैंक दरियाबाद में एक, देवखरिया में तीन लोग, बुढ़वल में एक, हुज्जाजी-तीन में एक, रसूलपुर में एक, धर्मपुर में एक, कंधईपुर में एक, दरियाबाद के चौधरियान मोहल्ले में एक, सिकोहना में एक, भयारा में एक, पैसार देहात में तीन, सोमैयानगर में दो, सुरसंडा में पांच, त्रिवेदीगंज के हुसैनाबाद में दो, नाका सतरिख में एक, जहांगीराबाद इंस्टीटयूट में एक, पारा खंदौली में एक, जसवंतनगर में एक, मुंशीगंज में दो, आवास विकास कॉलोनी में तीन, पूरेपंडित गांव में दो, सरला सदन में दो, कुर्सी के बसारापुरवा में चार, धरौली में एक, पल्हरी में एक, जहांगीराबाद में एक, अशोकनगर में एक, उत्तरटोला बंकी में एक, पीरबटावन में एक, अभयनगर में दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में रविवार को संक्रमित मिले 87 लोगों में ज्यादातर को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिलाधिकारी ने संक्रमित मिले लोगों के घरों के आसपास प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई करने के आदेश संबंधित एसडीएम को दिए हैं।