बाराबंकी। लॉकडाउन के चलते रविवार को शहर व कस्बों के बाजार बंद रहे। इसके चलते जरूरी काम के लिए ही लोग घरों से निकले। दिन भर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बेवजह वाहनों से सड़क पर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान 445 वाहनों का चालान करने के साथ 55 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शासन से सप्ताह में दो दिनों का लॉकडाउन घोषित कर रखा है। इसके तहत रविवार को भी आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें व प्रतिष्ठान बंद रहे। शहर के धनोखर चौराहा, घंटाघर, सट्टीबाजार, नाका सतरिख, नाका पैसार, छाया चौराहा, सिविल लाइन तिराहा, पायनियर चौराहा, देवा तिराहा, बड़ेल चौराहा आदि प्रमुख स्थलों की दुकानें बंद रहने से दिन भर सन्नाटा पसरा रहा। चौराहों पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। इस दौरान कई लोग बेवजह वाहनों से घूमते मिले। ऐसे 445 वाहनों का चालान कर 55 हजार जुर्माना वसूल किया है।