भगौली तीर्थ स्थल पर खंभों मेे पाॅलीथिन बाधता बिजली कर्मचारी ।
बाराबंकी। सावन के चौथे और अंतिम सोमवार पर जिलेभर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। तीसरे सोमवार को हैदरगढ़ के औसानेश्वर मंदिर में करंट लगने से दो श्रद्धालुओं की मौत और रविवार को दिन में महादेवा क्षेत्र में सूरतगंज रोड पर दो दुकानदारों की करंट से मृत्यु के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
बिजली की सभी व्यवस्थाओं की दोबारा जांच की गई। मंदिरों के आसपास की दुकानों, भंडारों, जलाभिषेक मार्गों और प्रवेश द्वारों की निगरानी की जा रही है। डीएम शशांक त्रिपाठी व एसपी अर्पित विजयवर्गीय रात में हर जगह का हाल लेते रहे।
महादेवा व औसानेश्वर के अलावा सिद्धौर के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, खसपरिया के श्री मत्थेश्वर महादेव मंदिर, रामसनेहीघाट क्षेत्र के बुढ़वा बाबा मंदिर, शहर के श्री नागेश्वर नाथ व कैलाश आश्रम में देर शाम तक लाइनमैन की टीमें हर स्थान पर वायरिंग की जांच करती रहीं। अब इन स्थलों पर 24 घंटे निगरानी के लिए बिजली विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। बड्डूपुर के भगौली तीर्थ पर स्थित प्राचीन श्री प्रसन्ननाथ मंदिर पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
एसडीएम फतेहपुर कार्तिकेय सिंह के निर्देश पर शाम को जेई अपनी टीम के साथ पहुंच गए। मंदिर परिसर के सभी खंभों की वायरिंग जांची जा रही है और खंभों में पाॅलिथीन लपेटी गई। पुजारी अजय ने बताया कि सावन का अंतिम सोमवार होने के कारण ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।