पुलिस अधीक्षक वीपी श्रीवास्तव ने कहा भयमुक्त होकर महिलाएं आगे आएं। पुलिस कदम कदम पर उनके साथ है। सोमवार को कप्तान अमर उजाला द्वारा आयोजित पुलिस की पाठशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने छात्राओं को 1090, 100 की सुविधाओं की जानकारी दी तो एंटी रोमियो स्क्वायड की सक्रियता की जानकारी दी। सीधे छात्राओं से रूबरू एसपी ने उनके एक-एक सवाल का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों के पालन के लिए लोगों में जागरूकता लाने की अपील की। कुछ देर बाद एक के बाद एक छात्राओं ने भी एसपी से उनकी कार्यप्रणाली से लेकर यह मुकाम हासिल करने तक के सवाल बेबाकी से पूछे। सभी ने अमर उजाला की इस पहल की खूब सराहना की।
सोमवार को शहर के महारानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कालेज लखपेड़ाबाग में अमर उजाला द्वारा आयोजित पुलिस की पाठशाला में पहुंचे एसपी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस एक ऐसा विभाग है जिसपर हर किसी को भयमुक्त रखने की जिम्मेदारी है। एसपी ने कहा कि आज महिलाएं समाज में आगे बढ़ रही है लेकिन उनके साथ होने वाले अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बेहतर काम शुरू किए हैं।
इसके तहत जहां 1090 पर कोई भी छात्रा व महिला अपनी समस्या बता सकती है वहीं 100 नंबर पर फोन कर तत्काल पुलिस की मदद ली जा सकती है। एसपी ने ट्रैफिक के बारे में भी छात्राओं को जागरूक किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्जवलित व माल्यार्पण करने के साथ किया। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत भी प्रस्तुत किया।