बाराबंकी। बैंकों और एटीएम पर लगे सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रखें। कैमरे का फोकस प्रवेश द्वार की दिशा में होना चाहिए। इसके साथ ही बैंकों और एटीएम पर सशस्त्र गार्ड की व्यवस्था की जाए। गार्ड की तैनाती से पहले उसका पुलिस से सत्यापन कराया जाए। गार्डों को हथियार चलाने का पुलिस लाइन में प्रशिक्षण भी कराया जाए। ये सुझाव शुक्रवार को शुक्रवार को पुलिस लाइन एक बैठक के दौरान एएसपी आरएस गौतम ने बैंक प्रबंधकों को दिए।
एएसपी आरएस गौतम ने बैंक अधिकारियों से कहा कि बैंकों के मुख्य द्वार पर चैन लगाने की व्यवस्था होनी चाहिए। बैंकों में धन निकासी और एटीएम में पैसे भरने के समय की सूचना पुलिस को जरूर दें। बैंकों में एलार्म सिस्टम को हर हाल में सक्रिय रखें। बैंक में केवल पैसा निकालने और जमा करने वाले व्यक्ति को ही प्रवेश दिया जाए। यह व्यवस्था बैंकों और एटीएम पर मौजूद गार्डों को सुनिश्चित करनी होगी। बैंकों में स्थानीय थाने, महत्वपूर्ण अधिकारियों के के साथ एसपी व अग्निशमन केंद्र का नंबर अवश्य चस्पा होना चाहिए। बैंक के बाहर चाय और पान की दुकानों पर बैठने वाले लोगों पर कड़ी नजर की सलाह भी एएसपी ने दी। इस दौरान एएसपी अशोक शर्मा, सभी सीओ और बैंकों के प्रबंधक मौजूद थे।