शहर के देवा तिराहे के पास क्षतिग्रस्त हुई पानी की पाइप लाइन 72 घंटे बाद सही हो सकी जिसके बाद मंगलवार शाम से प्रभावित इलाकों में जलापूर्ति शुरू की गई। पाइप लाइन कटने के दौरान उसे जोड़ने के लिए हो रहे काम के चलते केबिल कटने से संचार सेवा प्रभावित रही वहीं हाईवे पर की गई खुदाई के चलते जाम भी लगा रहा जिससे दिनभर शहरवासी परेशान रहे।
देवा तिराहे के पास रविवार को पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के चलते करीब दस हजार की आबादी के सामने पेयजल किल्लत हो गई थी। हाईवे पर पाइप लाइन फटने के बाद इसे सही करने का काम शुरू किया गया था। इस बीच मंगलवार को जब पाइप लाइन दुरूस्त करने के बाद नगर पालिका की टीम द्वारा खुदाई का काम शुरू किया तो इसकी चपेट में आकर बीएसएनएल की फोन लाइन कट गई।
इसके चलते दोपहर में करीब एक घंटे तक शहर में टेलीफोन व इंटरनेट सेवा बाधित रही। हालांकि विभागीय टीम ने काफी मशक्कत के बाद पाइप लाइन सही कराया जिसके बाद टेलीफोन सेवा सुचारू हो सकी।