40 बोरी खाद लादकर जा रही एक पिकअप शनिवार देर रात शारदा सहायक में पलट गई। हादसे में चालक घायल हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकालकर सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर के पास शनिवार रात करीब आठ बजे 40 बोरी खाद लादकर उजरवारा पुरवा जा रही एक पिकअप अचानक सड़क पर मिट्टी पड़ी होने से सीधे शारदा सहायक नहर में पलट गई।
खाद उजरवारा पुरवा निवासी हरिवंश वर्मा की बताई जा रही है। गांव के किनारे मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर अन्य गांव वालों को बुला लिया। ग्रामीणों ने की मदद से पिकअप चालक मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम करसंडा निवासी प्रेमचंद्र को बाहर निकाला गया। तब तक चालक बेहोश हो चुका था।
गांव के प्रवेश रावत, प्रदीप , सुशील, इंकू , अजय रावत व विजय रावत ने चालक को सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया। रविवार सुबह ग्रामीणों ने पिकअप में भरी खाद को बाहर निकाला लेकिन पिकअप नहीं निकल सकी।