बाराबंकी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) रविवार को 14 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में कड़े सुरक्षा पहरे के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता और पवित्रता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
सुबह से ही प्रशासनिक अमला सक्रिय रहा और सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की सीधी देखरेख में सभी गोपनीय प्रश्न पत्र एवं परीक्षा सामग्री सुरक्षित रूप से केंद्रों तक पहुंचाई गई। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वारों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे, जहां अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं और केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों की दूरी अधिक होने और आवागमन के साधन सुलभ न होने के कारण कई अभ्यर्थियों को परेशानी हुई, जो कम उपस्थिति का एक बड़ा कारण बनी। इसके चलते प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान 4656 आवंटित अभ्यर्थियों में से 3054 उपस्थित रहे, जबकि 1602 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली की उपस्थिति 65.59 प्रतिशत दर्ज की गई। द्वितीय पाली की परीक्षा में कुल 4656 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 3122. उपस्थित रहे तथा 1534 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 67 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
केंद्र दूर होने से परीक्षार्थी रहे परेशान
अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र उनके गृह जनपदों से काफी दूर बनाए गए थे। कई परीक्षार्थियों को दूसरे अमेठी, सुल्तानपुर ओर फतेहपुर जिलों से परीक्षा देने आना पड़ा। आवागमन के साधन सुलभ न होने और लंबी दूरी तय करने के कारण परीक्षार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसका असर उपस्थिति पर भी साफ दिखाई दिया।
स्टेशन पर उमड़ा अभ्यर्थियों का हुजूम
अवकाश के बावजूद रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर भारी भीड़ रही। परीक्षार्थियों व परिजनों का तांता लगा रहा। ट्रेनों और बसों में चढ़ने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। स्टेशन परिसरों में दिनभर यात्रियों की आवाजाही बनी रही।