फतेहपुर। कस्बे के ब्लॉक चौराहे पर मंगलवार को भीषण जाम लग गया। करीब एक घंटे तक छोटे-बड़े वाहन, पैदल यात्री और स्कूली बच्चे फंसे रहे। पुलिस को भी जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था ठीक न होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति रहती है। मंगलवार को यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि इस दिन साप्ताहिक बाजार लगती है। स्कूल की छुट्टी का समय होने के कारण भी यहां भीड़ बढ़ जाती है, जिससे समस्या अक्सर बनी रहती है। दुकानदारों ने बताया कि लगातार लगने वाले जाम के कारण व्यापार प्रभावित होता है। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहनों को किनारे करवाकर और व्यवस्था बनाकर रास्ता साफ कराया। करीब एक घंटे बाद लोगों को जाम से निजात मिल सकी। कोतवाल संजीत सोनकर ने बताया कि चौराहे पर नियमित रूप से पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।