बाराबंकी। हाईवे पर लागू डायवर्जन के कारण शहर का ट्रैफिक संचालन दिन भर पटरी से उतरा रहा। इसके चलते रामनगर तिराहे से लेकर पटेल तिराहे और विकास भवन मोड़ तक लगे जाम में फंस कर लोगों को काफी परेशानी उठाना पड़ी।
इस दौरान दो व चार परिया वाहन जाम के कारण सड़कों पर रेंगते नजर आए। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मी भी लाचार हताश होकर सड़क किनारे खड़े नजर आए।
सावन के दूसरे सोमवार को लेकर बहराइच हाईवे पर किए गए डायवर्जन का असर शहर के यातायात संचालन पर भी रहा। सुबह करीब दस बजे के आसपास लखपेड़ाबाग चौराहे पर लगे जाम के कारण दोनों ओर काफी संख्या में वाहन आगे निकलने की होड़ में घंटों फंसे रहे। मौजूद यातायात पुलिस के कर्मियों ने जैसे-तैसे यातायात सुचारु कराया। वहीं सतरिख नाके पर करीब सवा बारह बजे से लेकर एक बजे तक जाम की स्थिति रही। इस दौरान सड़क पर वाहन रेंगते नजर आए।
जाम के कारण सतरिख नाके से लेकर दशहरा मेला मैदान तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। दोपहर करीब एक बजे के जमुरिया नाले से लेकर कचहरी तक इतना भीषण जाम लग गया कि पटेल तिराहे पर मौजूद पुलिस कर्मियों के भी यातायात सुचारू बनाने में पसीने छूट गए। करीब एक घंटा तक छोटे बड़े वाहन चालक जाम में फंसे रहने के कारण परेशानहाल दिखे।
पिछले सोमवार को भी शहर की यातायात व्यवस्था इसी तरह बेपटरी हुई थी। इसके बावजूद जिम्मेदारों ने शहरवासियों को जाम की परेशानी से राहत दिलाने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए। इसके चलते सावन के दूसरे सोमवार पर भी लोगों को जाम के परेशानी से घंटों जूझ कर परेशान होना पड़ा। टीएसआई रामयतन यादव ने बताया कि डायवर्जन के चलते कुछ रूटों पर लोगों को जाम की दिक्कत से जूझना पड़ा।