बाराबंकी। 2 दशक से अधिक समय से यूपी बोर्ड की परीक्षा में प्रदेश में अपनी मेधा का डंका बजाने वाले बाराबंकी के मेधावी अब लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा में भी सफलता का झंडा लहराने लगे हैं। इसके चलते जिले के दो मेधावियों ने वर्ष 2020 की परीक्षा में एसडीएम बन कैरियर में नया मुकाम हासिल किया है।
इसमें जिले की नेहा मिश्रा ने प्रदेश की टॉप टेन सूची में दसवें नंबर पर अपना नाम दर्ज करा पूरे जिले का मान सूबे में बढ़ाया है। वहीं सफलता पाने वाले अभिषेक का नाम मेरिट सूची में 17 नंबर पर आया। सोमवार को पीसीएस परीक्षा का परिणाम आने के बाद दोनों मेधावियो के घर जश्न का माहौल दिखा। बधाई देने वाले नाते रिश्तेदारों व दोस्तों का जमावड़ा दोनों ही मेधावियों के घर देर तक जुटा रहा।
एसडीएम बनी नेहा मिश्रा शहर की सूत मिल ऑफीसर्स कॉलोनी की निवासी है। इनके पिता ज्ञान प्रकाश मिश्र सूत मिल में ठेकेदार थे जबकि मां सुनीता मिश्रा ग्रहणी हैं। नेहा का छोटा भाई प्रतीक रामस्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज में बी टेक कर रहा है जबकि बहन मुस्कान आईटी कॉलेज लखनऊ से ग्रेजुएशन और छोटा भाई प्रशांत मिश्रा क्रिश्चियन कॉलेज से बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। नेहा ने पीसीएस 2017 की परीक्षा उत्तीर्ण कर नायब तहसीलदार दूसरे प्रयास मे 2018 में ट्रेजरी अफसर बनी थी। सोमवार को आए परीक्षा परिणाम में नेहा ने 10 वीं रैंक हासिल कर एसडीएम बनी और परिवार के साथ जिले का नाम रोशन किया।
लगातार सफलता के आयाम छू रहे शहर के मोहल्ला कैलाशपुरी माल गोदाम रोड निवासी अभिषेक शुक्ला ने पीसीएस परीक्षा में 17वां स्थान हासिल कर एसडीएम बने। अभिषेक के पिता महेश शुक्ला आयुर्वेद चिकित्सालय फार्मासिस्ट तो माता अशोक कुमारी बाल विकास परियोजना में सुपरवाइजर हैं। अभिषेक की बड़ी बहन रुचि शुक्ला कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में इंग्लिश की टीचर तो छोटी बहन चेतना शुक्ला भारतीय स्टेट बैंक में मैनेजर हैं। अभिषेक ने पीसीएस 2017 की परीक्षा कर ट्रेजरी अफसर बने।