प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीरपुर में मरीज देखते चिकित्सक। -संवाद
बाराबंकी। मौसम में बदलाव का असर रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में देखने काे मिला। इस दौरान जुकाम, बुखार और पेट दर्द के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। वहीं 10 मरीजों में टीबी के लक्षण दिखने पर जांच के लिए बुलाया गया जबकि गंभीर हालत में पहुंचे 27 मरीजों को जिला अस्पताल भेजा गया।
जिले के 57 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 2640 मरीज देखे गए। इस दौरान जुकाम के 215, बुखार के 265, पेट दर्द के 271, लिवर के 72, डायबिटीज के 146, त्वचा रोग के 350, खून की कमी के 36 मरीज देखे गए।
इसके अलावा संदिग्ध मिलने पर 37 की कोरोना, 37 की हेपेटाइटिस बी, चार की हेपेटाइटिस सी, 50 की मलेरिया और छह लोगों की डेंगू की जांच कराई गई लेकिन कोई संक्रमित नहीं मिला। इस दौरान कोटवाधाम और खजुरी पीएचसी पर मरीजों की संख्या कम रही। यहां पर मौजूद डॉ. सुनील और तब्बसुम ने बताया कि सभी की जांच कर दवाएं दी गईं।
बेलहरा पीएचसी पर कुल 108 मरीज देखे गए। डाॅ. आशीष कुमार वर्मा ने बताया कि जुकाम, बुखार तथा पेट दर्द के मरीज सबसे ज्यादा आए जिन्हें जांच कराकर दवाएं दी गईं। सीएमओ डॉ. अवधेश यादव ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस बात के निर्देश सभी चिकित्सकों और कर्मियों को दिए गए थे।