जिला अस्पताल में दवा वितरण केंद्र पर कतार में खड़े मरीज । संवाद
बाराबंकी। जिला अस्पताल आए मरीजों को समस्याओं से जूझना पड़ा। नेटवर्क की समस्या तो यहां आम हो चुकी है। आए दिन नेटवर्क बाधित होने से मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शनिवार को नेटवर्क धीमा चलने की वजह से मरीजों को इलाज तो दूर, पर्चा बनवाने में ही पसीना छूट गया। घंटों कतार में लगने के बाद दवाएं मिलीं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को भी मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में करीब 1746 मरीज देखे गए। इनमें सबसे ज्यादा मरीज सर्दी-जुकाम व बुखार के अलावा पेटदर्द के रहे। वहां मिले मनोहर, सीताराम व पीतांबर ने बताया कि सुबह नौ बजे आ गए थे, जैसे-तैसे टोकन तो मिल गया पर पर्चा बनवाने में करीब एक घंटा से अधिक का समय लग गया।
अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि दो दिनों से नेटवर्क काफी धीमा चल रहा है जिससे पर्चा बनाने में दिक्कत हो रही है। इस वजह से मरीजों को डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने में काफी समय लग जा रहा है।
सौरभ, हर्षवर्धन व रामेंद्र ने बताया कि किसी तरह पर्चा बना फिर डॉक्टर को दिखाने और दवाई लेने के लिए घंटों कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा, तब जाकर दवाएं मिल सकीं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि ओपीडी में सर्दी-जुकाम और बुखार के अलावा पेटदर्द के मरीजों की संख्या बढ़ी है। नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए काम हो रहा है, जल्द ही इसका हल निकाल लिया जाएगा।