बाराबंकी। मौसम में बदलाव की वजह से वायरल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सर्दी, जुकाम, बुखार, त्वचा रोग के अलावा इन दिनों सांस और खांसी के मरीजों की संख्या में तेजी देखी जा रही है। जिला अस्पताल में लगातार बढ़ रही मरीजों की भीड़ के चलते यहां पहुंचने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में बृहस्पतिवार को 1,682 मरीज देखे गए। इनमें सर्दी, जुकाम, बुखार के 587 मरीज रहे। वहीं सांस रोग के 216 और खांसी के 374 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इन मरीजों में बच्चों की संख्या सबसे ज्यादा रही।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आईबी तिवारी बताते हैं कि मौसम में उतार-चढ़ाव की वजह से बच्चे बीमार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिन में धूप निकल रही है और सुबह, शाम तथा रात में ठंड हो रही है। ऐसे मौसम का विपरीत असर बच्चों पर पड़ता है। जिससे वे बुखार और खांसी की चपेट में आ रहे हैं।
डॉ. राजेश कुशवाहा बताते हैं कि ऐसे मौसम में सभी को सेहत के प्रति सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों के लिए यह मौसम सबसे ज्यादा घातक है, क्योंकि रात में ठंड होने की वजह से मांसपेशियां सिकुड़ जाती हैं और रक्त का संचार धीमा हो जाता है। ऐसे में हार्ट अटैक की संभावना रहती है।