बाराबंकी। जिले के पांच केंद्रों पर आयोजित सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में बृहस्पतिवार को हाईस्कूल के विद्यार्थियों की विज्ञान की परीक्षा हुई। इसमें 1645 के सापेक्ष 1638 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में हिस्सेदारी की। परीक्षा के बाद छात्र-छात्राओं ने खुशी जताते हुए बताया कि पेपर तो आसान था लेकिन फोकल लेंथ के प्रश्नों ने कुछ अटकाया।
सेंट एंथोनी केंद्र से परीक्षा देकर निकली छात्रा आराध्या त्रिपाठी के चेहरे पर पेपर अच्छा होने की खुशी साफ झलक रही थी। बताया कि पेपर पाठ्यक्रम के अनुरूप आया था। इसमें शामिल सभी प्रश्न पाठ्यक्रम के अंदर के थे। सिर्फ फोकल लेंथ निकालने में ही कुछ अटकना पड़ा। इसके बाद भी उनका पेपर काफी अच्छा हुआ। सेंट्रल एकेडमी की छात्रा अर्पिता ने बताया कि फोकल लेंथ निकालने वाला एक प्रश्न थोड़ा कठिन आया, जिससे उसे हल करने में अधिक समय लग गया। इसके अलावा पूरा पेपर संतोषजनक रहा और अच्छे नंबर आने की पूरी उम्मीद है। महर्षि विद्या मंदिर की छात्रा स्वेता ने बताया कि पेपर में सीरिज वाले प्रश्न कठिन रहें, जिससे उन्हें हल करने में थोड़ा समय लगा।