जैदपुर (बाराबंकी)। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर हर सनातनी में उत्साह का माहौल है। हर कोई इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनना चाहता है। रविवार को हरख ब्लॉक के दौलतपुर निवासी पद्मश्री किसान रामसरन वर्मा को प्राण प्रतिष्ठा का न्योता मिला।
विश्व हिंदू परिषद के प्रचारक गौरव भाटिया ने पद्मश्री किसान के फाॅर्म पर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने का न्योता दिया तो वह खुशी से गदगद हो गए। उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर काफी उत्साहित थे और इस पल के साक्षी भी बनना चाहते थे। निमंत्रण मिलने के बाद उन्होंने समारोह में शामिल होने की तैयारी भी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि भगवान राम के मंदिर में विराजमान होने के पल में शामिल होना सौभाग्य की बात है।