सैदनपुर। क्षेत्र में देर रात तेज हवा के साथ हुई जोरदार बारिश ने धान किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज हवा के साथ हुई बारिश से खेतों में धान की खड़ी फसल जमीन पर बिछ गई। अगेती धान की फसल में इस समय बालियां निकल रही हैं। फसल गिरने से किसानों को फसल चौपट होने का खतरा सताने लगा है।
किसानों का कहना है कि तेज हवा के साथ अचानक हुई तेज बारिश से खेतों में खड़ी फसल धराशायी हो गई। यदि आने वाले दिनों में बरसात का दौर नहीं थमा तो खेतों में पानी भर सकता है। इससे गिरी हुई फसल के सड़ने की समस्या बढ़ सकती है। इससे दाने की गुणवत्ता के साथ पैदावार पर भी सीधा असर पड़ेगा। मरकामऊ के किसान पवन मौर्य, अमरेंद्र, लवकुश, जगदीश और प्रताप चौहान ने बताया कि काफी मेहनत और लागत के बाद धान की फसल तैयार हो रही है। बालियां निकलने के समय मौसम की मार से किसानों को बेहतर उत्पादन होने की उम्मीदों पर पानी फिर सकता है। खेतों में गिरी हुई फसल को काटने में अधिक श्रम और समय भी लगता है।