10 वीं वाहिनी पीएसी में चल रही 19वीं अंतर वाहिनी पीएसी मध्य जोन कुश्ती, कबड्डी, भारोत्तोलन एवं बाक्सिंग प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। जिसमें कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी ने 8वीं वाहिनी पीएसी बरेली को हराकर खिताब पर कब्जा किया।
इसके अलावा अन्य प्रतियोगिताओं में गोंडा व सीतापुर की टीमों का दबदबा कायम रहा। विजेता खिलाड़ियों को डीएम व एसपी ने पुरस्कृत किया।
कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी ने 8वीं वाहिनी पीएसी, बरेली को 58-28 के अंतर से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में डीएम अखिलेश तिवारी द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया एवं एसपी वैभव कृष्ण व सेनानायक राजेश कृष्ण द्वारा विजेता टीम को चल वैजयंती शील्ड प्रदान की गई।
वहीं कुश्ती प्रतियोगिता में 30वीं वाहिनी पीएसी, गोंडा प्रथम, बॉक्सिंग में द्वितीय वाहिनी सीतापुर, भरोत्तोलन में 11वीं वाहिनी पीएसी, सीतापुर, फ्री स्टाइल कुश्ती में 27वीं वाहिनी पीएसी, सीतापुर, कबड्डी प्रतियोगिता में 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी को पहला स्थान प्रदान किया गया। समापन समारोह में नरेन्द्र कुमार मिश्र, सहायक सेनानायक पीएसी ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।