हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कोविड -19 महामारी में संक्रमित मरीजों की सहायता के लिए चीनी मिल सिद्धौर सीएचसी पर ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाएगी। डीएम के प्रयास से लगने वाला प्लांट से बीस घनमीटर प्रतिघंटा ऑक्सीजन का उत्पादन हो सकेगा।
बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की हैदरगढ़ इकाई के मुख्य महाप्रबंधक बीके यादव ने बताया कि जनहित में सिद्धौर सीएचसी पर ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाया जा रहा है। डीएम डॉ. आदर्श सिंह के प्रयास से मिल प्रबंधन ने बीस घन मीटर प्रतिघंटा ऑक्सीजन उत्पादन क्षमता के ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाने के लिए दिल्ली की मेसर्स गैसटेक इंजीनियरिंग प्रा. लिमिटेड को ऑर्डर दिया गया है। कंपनी ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट की सप्लाई, एरेक्शन व कमीशनिंग का काम करेगी।
प्लांट की स्थापना में लगभग 35 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। मिल महामारी एवं आपदा की घड़ी में कोविड मरीजों के साथ ही साथ राहत के लिए प्रदेश व स्थानीय शासन प्रशासन के साथ मजबूती के साथ खड़ी हैं। प्लांट के लगने से स्थानीय स्तर पर जरूरतमंद व गंभीर कोविड मरीजों को अनवरत ऑक्सीजन की आपूर्ति कर उसका अनमोल जीवन बचाया जा सकेगा। ऑक्सीजन जनरेशन की सुविधा से कोरोना के मरीजों को तात्कालिक लाभ मिलेगा तथा भविष्य में इससे अन्य मरीजों को भी राहत मिलेती रहेगी।