हैदरगढ़ (बाराबंकी)। हाईवे पर चेकिंग के दौरान पांच ओवरलोडेड ट्रक कोतवाली में सीज कर दिए गए। एसडीएम की अगुवाई में राजस्व, खनन व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित हाईवे व बांदा-बहराइच मार्ग पर ओवरलोडेड वाहनों के विरुद्ध चलाए गए अभियान से हड़कंप मच गया। बृहस्पतिवार की देर रात को एसडीएम योगेंद्र कुमार की अगुवाई में तहसीलदार राहुल सिंह सहित राजस्व व खनन विभाग की टीम ने ओवरलोडेड वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान पांच ओवरलोडेड ट्रकों को कोतवाली पुलिस के कब्जे में दिया गया है।
एसडीएम ने बताया कि डीएम के निर्देश पर मार्ग पर ओवरलोडेड भार वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि रायबरेली व बछरांवा की ओर से गिट्टी-मौरंग लादकर ट्रक कई जिलों के लिए हैदरगढ़ से होकर गुजरते हैं। शासन के निर्देशों के विपरीत वाहनों पर ओवरलोडेड मौरंग व गिट्टी की शिकायत के बाद अभियान चलाया गया है।