फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: ओवरलोड से फुंक गया बिजली उपकेंद्र, अंधेरे में रहे 400 गांव

Fri, 22 May 2026 01:58 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
रामसनेहींघाट ​स्थित बिजली उपकेंद्र में ओवरहीट से जलता ट्रांसफार्मर। 
विज्ञापन
- रातभर अंधेरा और दिनभर रोस्टिंग, जिले की बिजली आपूर्ति बदहाल
विज्ञापन

- बिजली संकट गहराया, शहरवासियों संग 13 लाख ग्रामीण प्रभावित
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। भीषण गर्मी के बीच रामसनेहीघाट उपकेंद्र में रात करीब दो बजे ट्रांसफार्मर में ओवरहीटिंग के चलते अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। इससे मऊगोरपुर, सनाकापुर, राघवपुर बडेला, कोटवा सड़क, लालुपुर सहित 400 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
फायर ब्रिगेड और पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। करीब पांच लाख लोग उमस और अंधेरे में परेशान रहे। सुबह नौ बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। वहीं शहरी इलाकों संग अन्य उपकेंद्रों से जुड़े करीब 1100 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब 13 लाख लोग प्रभावित रहे।
विज्ञापन

भीषण गर्मी से बिजली की मांग बेतहाशा बढ़ चुकी है। ओवरलोड होने के कारण केबल और ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। जगह-जगह फाल्ट हो रहे हैं, जिसे ढूंढने और दुरुस्त करने में घंटों लग रहे हैं। ट्रिपिंग व लो वोल्टेज से परेशानी बढ़ रही है। खासकर रात में बिजली गुल होने से रात जाग कर गुजारनी पड़ रही है। इससे लोगों के सब्र का बांध टूट रहा है।
भीषण गर्मी के बीच गहराते बिजली संकट से शहरवासी भी परेशान हैं। ग्रामीण इलाकों के हालात तो और भी खराब हैं। लोगों को रात बिन बिजली गुजारनी पड़ रही है।
पूरी रात तो कहीं पांच घंटे गुल रही बिजली
मोहल्ला पीरबटावन में केबल जलने से पूरी रात बिजली आपूर्ति बंद रही। ओबरी के पास तार टूटने, मुख्य लाइन का जंफर उड़ने से ककरहिया, जसवंतनगर, लखपेड़ाबाग, लक्ष्मणपुरी कॉलोनी, आवास विकास, विकास भवन रोड, हनुमंत नगर सहित करीब 13 मोहल्लों में चार घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही।


-
सतरिख: सब्र का बांध टूटा, किया प्रदर्शन
क्षेत्र के सेखनापुर गांव में बीते सोमवार को ट्रांसफार्मर फुंक गया था। चार दिन बाद भी ट्रांसफार्मर न बदलने से ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया और बिजली उपकेंद्र पहुंच कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिशासी अभियंता मिर्जा परवेज के ट्रांसफार्मर बदलवाने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए लेकिन बृहस्पतिवार शाम तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका।

हैदरगढ़ उपकेंद्र: 150 गांव प्रभावित
हैदरगढ़ उपकेंद्र से बहुता, त्रिवेदीगंज, मंझार, चौबीसी, टेलीफोन और भिटौरा फीडर के माध्यम से करीब 150 गांवों को बिजली मिलती है। बुधवार रात आठ बजे कनवा-मवइया के पास 33 केवी लाइन फाल्ट आने से बिजली आठ घंटे तक ठप रही। प्रभावित गांवों में पोखरा, मर्दापुर, महिमापुर, बेलवा, मवइया, त्रिवेदीगंज, गढ़ी, दतौली और भिटौरा शामिल हैं।
-
जैदपुर उपकेंद्र: आठ घंटे अंधेरे में रहे 100 गांव
बांग्ला बाजार के पास 33 हजार विद्युत लाइन का तार टूट जाने से अतरौली और जेवरास फीडर से जुड़े लगभग 100 गांवों में बुधवार रात 11 बजे से बृहस्पतिवार सुबह सात बजे तक बिजली बंद रही। आदमपुर, चियारा, सुहावा, हिम्मतपुर, कूदवापुर, सादुल्लापुर, भुनई, रुद्र, उस्मानपुर, पत्थरपुरवा, मोहम्मदपुर और इनायतपुर प्रभावित रहे।
-
मसौली उपकेंद्र: 200 गांवों में लगातार रोस्टिंग
मसौली क्षेत्र के करीब 200 गांवों में अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों को बमुश्किल 6–7 घंटे ही बिजली मिल रही है। बुधवार रात 8:30 बजे से 10:30 बजे तक की रोस्टिंग, 15 मिनट बिजली रहने के बाद फिर दो घंटे की रोस्टिंग, फिर आधा घंटे रहने के बाद 3 घंटे की रोस्टिंग हुई। 3:30 बजे आपूर्ति सुचारु हो सकी।
-
कोटवाधाम उपकेंद्र: 65 गांवों की रातभर ठप रही बिजली
कोटवाधाम उपकेंद्र से जुड़े 65 गांवों की बिजली बुधवार रात ठप रही। ग्रामीणों ने इधर-उधर घूमकर रात किसी तरह से काटी। ग्रामीणों ने शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया पर कोई सुनवाई नही हुई। वहीं फतेहपुर क्षेत्र के मोहल्ला जोशी टोला में रखे ट्रांसफार्मर में फाॅल्ट आने से पूरी रात बिजली आपूर्ति बंद रही। करीब 24,000 लोगों को रात बिन बिजली गुजारनी पड़ी।
विज्ञापन


सूरतगंज उपकेंद्र: 12 घंटे में 20 बार कटी बिजली
मुख्य लाइन में फाॅल्ट और ट्रिपिंग के कारण 12 घंटे में 20 बार बिजली कटौती हुई। बुधवार रात करीब दस बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई जो बृहस्पतिवार सुबह सात बजे आई। इससे करीब 250 गांवों के दो लाख लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें