बाराबंकी। वसूली का ऑडियो वायरल होने के मामले में बुधवार को शहर कोतवाली के बड़ेल चौकी इंचार्ज व सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। यह मुकदमा शहर कोतवाल की तहरीर पर दर्ज हुआ है। दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। सीओ सदर मामले की जांच कर रहे हैं।मंगलवार को शहर कोतवाली के बड़ेल चौकी के इंचार्ज ब्रजेश कुमार सिंह व सिपाही दिलीप के बीच कबाड़ियों से हुई वसूली के बंटवारे को लेकर बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें मिट्टी खनन से लेेकर शराब की दुकानों से वसूली की चर्चा भी थी। बातचीत के दौरान चौकी इंचार्ज कबाड़ियों से हुई वसूली में सिपाही से आधा पैसा मांग रहे थे। मामला संज्ञान में आने के बाद मंगलवार को एसपी दिनेश कुमार सिंह ने चौकी इंचार्ज ब्रजेश कुुुमार सिंह व सिपाही दिलीप को सस्पेंड कर दिया था। बुधवार शाम शहर कोतवाल संजय कुमार मौर्य की तहरीर पर चौकी इंचार्ज व सिपाही के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि दोनों को हिरासत में ले लिया गया है। एसपी के निर्देश पर सीओ सदर सुमित त्रिपाठी ने बुधवार से मामले की विभागीय जांच भी शुरु कर दी है।