बाराबंकी। शुक्रवार को फतेहपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मौजूद लाभार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
पंडाल में भारी भीड़ देख मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गदगद नजर आए। ऐसा लग रहा था कि ये कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सपा की चुनावी जनसभा हो। मुख्यमंत्री ने भी अपना पूरा भाषण 2017 के विधानसभा चुनाव पर केंद्रित रखा। उन्होंने कहा कि चुनाव में नेताजी और बेनी बाबू जब साथ निकलेंगे तो विरोधियों के समीकरण ध्वस्त हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने भारी भीड़ देख जिले के नेताओं की पीठ थपथपाई और फिर उत्साहित होते हुए बोले जितना समर्थन जिस तरह से इस जनसभा को सफल बनाने में मिला है इतना प्यार चुनाव में मिल गया तो हमे सत्ता में वापस आने से कोई रोक नहीं सकता है।
एक ओर अखिलेश मंच से सरकार की उपलब्धियां गिना रहे थे तो पंडाल में मौजूद भीड़ उनकी एक-एक बात का समर्थन कर रही थी। भाषण के दौरान पंडाल के बीच से जोरदार नारे गूंज उठते अखिलेश भइया जिंदाबाद-जिंदाबाद! लोगों का नारा सुन अखिलेश का उत्साह और बढ़ जा रहा था।