बाराबंकी। शहर के अंदर से डबल डेकर बसों के संचालन की योजना वन विभाग की हीलाहवाली के कारण अटक गई है। परिवहन विभाग ने बसों के संचालन को लेकर मार्ग का सर्वे कराया था। सर्वे में सामने आया कि सड़क किनारे लगे कई पेड़ों की डालियां काफी नीचे तक झुकी हुई हैं, जो डबल डेकर बसों के संचालन में बाधा बन सकती हैं। इन झुकी हुई डालियों को हटाने के लिए परिवहन विभाग ने वन विभाग को पत्र भेजकर कार्रवाई का अनुरोध किया था, लेकिन अभी तक वन विभाग की ओर से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। इस कारण अंतरजनपदीय बस स्टेशन पर खड़ी डबल डेकर बसों का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है।
जिले को मिली आठ डबल डेकर बसों में चार का संचालन तो हो रहा है, लेकिन चार डबल डेकर बसें अंतरजनपदीय बस स्टेशन की कार्यशाला में खड़ी हैं। इन बसों का संचालन शहर के अंदर गुजरे लखनऊ-अयोध्या मार्ग से कराया जाना प्रस्तावित है। इस दौरान प्रस्तावित रूट की सड़कों पर लटक रही पेड़ों की डालियों की कटाई के लिए परिवहन विभाग ने वन विभाग को पत्र भेजा था। इसके बावजूद वन विभाग के जिम्मेदार इसे लेकर उदासीन बने हैं। इस कारण लंबे समय से डबल डेकर बसों का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है।
एआरएम संजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस संबंध में वन विभाग को पत्र भेजने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। रास्ते में बाधा बन रही पेड़ की डालियों की कटाई होने के बाद ही प्रस्तावित रूट पर डबल डेकर बसों का संचालन शुरू कराया जा सकेगा।