बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मंगलवार को जिला अस्पताल में नए पंजीकरण कक्ष, जन औषधि केंद्र और ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों को भाग-दौड़ और लंबी कतारों से निजात दिलाना है।
डीएम ने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से अब मरीजों को अस्पताल के काउंटर पर घंटों खड़ा नहीं होना पड़ेगा। मरीज अब घर बैठे या कहीं से भी अपना परचा ऑनलाइन बनवा सकेंगे और सीधे ओपीडी में चिकित्सक से परामर्श ले सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और भीड़ पर नियंत्रण लगेगा। यह व्यवस्था विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
बताया कि अस्पताल परिसर में जन औषधि केंद्र के संचालन से मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली दवाइयां सस्ती दरों पर उपलब्ध होंगी। अस्पताल के स्टॉक में जो दवाएं उपलब्ध नहीं होंगी, उन्हें भी मरीज इस केंद्र से कम कीमत पर प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने इस पहल को स्वास्थ्य सेवाओं को सुगम, पारदर्शी और मरीज-हितैषी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश यादव, सीएमएस डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. जेपी मौर्य, डॉ. वीपी सिंह, डॉ. राजेश कुशवाहा, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. सिकंदर अली, डॉ. अमित, डॉ. अफसर खान और डॉ. एसपी यादव सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।