सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट।
बाराबंकी। छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के पर्चे अब ऑनलाइन बनेंगे, मैनुअल की व्यवस्था को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा। इससे यहां पर प्रतिदिन इलाज के लिए आने वाले मरीजों को लाभ मिलेगा और इनका पूरा ब्योरा कंप्यूटर में दर्ज होगा, जिसे किसी भी अस्पताल के चिकित्सक एक क्लिक कर आसानी से देख सकेंगे। इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
पहले चरण में जिन छह अस्पतालों को चुना गया है उनमें तहसील मुख्यालय के अस्पताल शामिल हैं। इनमें हैदरगढ़, रामसनेहीघाट, सिरौलीगौसपुर, रामनगर, फतेहपुर और बंकी की जाटा बरौली सीएचसी का चयन किया गया है। यहां पर इंटरनेट की सुविधा शुरू कर दी गई है और ऑनलाइन पर्चे बनाने को लेकर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसका सीधा लाभ इन अस्पतालाें में प्रतिदिन आने वाले 250 से 300 मरीजों को मिलेगा।
इन अस्पतालों में मिल रही है सुविधा
ऑनलाइन पर्चा बनाए जाने की सुविधा जिला पुरुष अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर में मिल रही है। जिले में कुल 22 सीएचसी हैं। छह में यह सुविधा शुरू होने के बाद 16 और सीएचसी को इससे जोड़ा जाएगा। इसको लेकर भी प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि पहले चरण में तहसील मुख्यालय के अस्पतालों में ऑनलाइन पर्चे बनाने की सुविधा शुरू की जा रही है। इसको लेकर यहां के अधीक्षकों को निर्देश जारी करते हुए इसे जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।