बाराबंकी। खरबूजा बीज निर्धारित मूल्य से अधिक पर बेचने की अभियान चलाकर बीज दुकानों की जांच की गई। इस दौरान 38 बीज विक्रेताओं के यहां छापे डाले गए और एक दुकान को सील किया गया तथा पांच विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए। इस दौरान 10 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
उपकृषि निदेशक श्रवण कुमार ने नवाबगंज में पांच बीज विक्रेताओं के यहां जांच की। इस दौरान मेसर्स गुप्ता बीज भंडार एवं कीटनाशक सफदरगंज व मेसर्स एग्री जंक्शन सफदरगंज के बीज विक्रेता द्वारा खरबूजा बीज विक्रय से संबंधित कोई अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर लाइसेंस निलंबित किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने उपजिलाधिकारी फतेहपुर के साथ सात बीज विक्रेताओं के यहां जांच की। मेसर्स पटेल कृषि सेवा केन्द्र भगौली तीर्थ के विक्रेता द्वारा जान बूझकर दुकान बंद कर फरार हो जाने के कारण इनका प्रतिष्ठान सील किया गया। वहीं मेसर्स श्रीजी फर्टिलाइजर्स एवं पेस्टीसाइड फतेहपुर, मेसर्स गणपति सीड्स द्वारा अभिलेख प्रस्तुत न किये जाने के कारण इनका लाइसेंस निलंबित किया गया।
वहीं मेसर्स वर्मा किसान कृषि सेवा केन्द्र कसियापुर, द्वारा बिक्री से सम्बन्धित कोई अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार, उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी हैदगरढ़ एवं उपजिलाधिकारी, हैदरगढ़ ने सात बीज विक्रेताओं के यहां जांच की गई। इसी तरह भूमि संरक्षण अधिकारी ने उप जिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर साथ पांच विक्रेताओं के यहां जांच की।जांच के दौरान मेसर्स सार्थक बीज भंडार सिरौलीगौसपुर एवं मेसर्स गोपाल कृषि सेवा केन्द्र रसूलपुर जिनके द्वारा खरबूजा बीज की बिक्री से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इस कारण दुकान का बिक्री लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।