बाराबंकी। डीएम के आदेश पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार काे कीटनाशक दुकानों की जांच की। इस दौरान कुल 31 दुकानों का निरीक्षण किया गया, 13 कीटनाशक दवाओं के नमूने भरे गए तथा एक विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया और एक लाइसेंस निलंबित किया गया।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने फतेहपुर औ रामनगर में कुल 14 दुकानों का निरीक्षण किया। छह कीटनाशकों के नमूने लिए। इस दौरान राजपूत खाद भंडार सिहाली रोड फतेहपुर की दुकान खुली मिली। जांच के दौरान काउंटर पर खुले में रसायन रखे थे, जिसके कारण दुकान का लाइसेंस निलंबित करते हुए जवाब तलब किया गया। यश कीटनाशक एवं उर्वरक भंडार सिहाली रोड सद्दीपुर में निरीक्षण के समय दुकानदार शराब के नशे में थे। उनके द्वारा निरीक्षण में बाधा पहुंचाई गई और दुकान बंद कर दी गई। इस पर इनका लाइसेंस निरस्त कर दिया गया।
उपकृषि निदेशक नवाबगंज और हैदरगढ़ में कुल आठ दुकानों का निरीक्षण किया गया। दो दवाओं के नमूने भरे। जिला कृषि अधिकारी रामसनेहीघाट और सिरौलीगौसपुर में नौ दुकानाें का निरीक्षण किया गया तथा कुल पांच नमूने भरे। जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि डीएम के आदेश पर कीटनाशक दुकानाें की अभियान चलाकर जांच की गई। सभी को निर्धारित मूल्य पर कीटनाशक बेचने के निर्देश दिए गए।