हैदरगढ़/त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। लोनीकटरा व हैदरगढ़ थाना क्षेत्रों में बुधवार को हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि किशोरी समेत तीन लोग घायल हो गए। मृत युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
पहला हादसा लोनीकटरा थाना क्षेत्र में हुआ। बुधवार शाम को क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी राजू सिंह (42) त्रिवेदीगंज बाजार से बाइक पर वापस घर जा रहे थे। नवोदय विद्यालय मोड़ के पास हाईवे पर सुल्तानपुर की ओर जा रहे ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विपरीत दिशा से जाने पर बाइक सवार हाईवे के डिवाइडर की ओर आ गया था।
उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था। दूसरा हादसा हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में हुआ। रांभी गांव निवासी रोहित अपनी भाभी मोहिनी के साथ बाइक से पोखरा नहर पटरी होकर रायबरेली के हलोर के पास रीवां गांव जा रहे थे। नहर पटरी की सड़क के गड्ढे में बाइक के अनियंत्रित होकर गिरने से दोनों घायल हो गए।
तीसरी दुर्घटना लोनीकटरा थाना क्षेत्र में हुई। बुधवार को मंगलपुर चौराहा निवासी प्रदीप वर्मा की पुत्री मानसी (14) हाईवे पार कर रही थी। इस दौरान लखनऊ की ओर जा रही रोडवेज की बस की टक्कर से घायल हो गई। उसे सीएचसी त्रिवेदीगंज से केजीएमयू के ट्रॉमा रेफर किया गया है। हादसे के बाद बस छोड़कर चालक भाग गया। परिचालक ने पीछे से आई अन्य बस से सवारियों को आगे के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
राजू की मौत से बेसहारा हुआ परिवार
हादसे का शिकार हुए लोदीपुर गांव निवासी राजू सिंह ही अपने पूरे परिवार का भरण पोषण करता था। पिता के निधन के बाद पूरे घर की जिम्मेदारी उसी पर थी। ग्रामीणों ने बताया कि दिसंबर में ही राजू के छोटे भाई रिंकू की शादी निर्धारित है। ऐसे में उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार छात्र की जान गई
सफेदाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर बुधवार को कोई अज्ञात वाहन स्कूटी सवार छात्र को टक्कर मारकर चला गया। हादसे में छात्र की मौत हो गई। छात्र ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। वह माता-पिता का इकलौता पुत्र था। यह दुर्घटना सफेदाबाद रेलवे ओवरब्रिज पर बुधवार करीब ढाई बजे हुई।
धरसेनिया गांव के विजय वर्मा छात्र ओजस वर्मा (14) सफेदाबाद स्थित द एनसी स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। पुलिस ने बताया कि, स्कूल से आने के बाद वह स्कूटी लेकर सफेदाबाद कस्बे में स्टेशनरी का सामान लेने गया था।
वापस आते समय रेलवे ओवरब्रिज पर किसी वाहन ने उसे पीछे से टक्कर मार दी और वह सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने के बाद परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद