बाराबंकी। प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के सदस्य नदीम को रिमांड पर लिए जाने के बाद पुलिस ही नहीं बल्कि एनआईए, एटीएस व अन्य खुफिया एजेंसी भी सक्रिय हो गई हैं। बुधवार को कुर्सी थाने में नदीम से एनआईए की टीम ने दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। एटीएस ने भी उसके संगठन से जुड़े राजों के बारे में जानकारी ली।
बीती 22 सितंबर को एसटीएफ ने पीएफआई के सदस्य नदीम को कुर्सी थाना क्षेत्र के गौराहार गांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया था। सीओ फतेहपुर योगेंद्र कुमार ने मंगलवार को उसे सात दिन की रिमांड पर लिया है। बुधवार को एनआईए की टीम ने कुर्सी थाने पहुंचकर नदीम से सघन पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, एनआईए ने पीएफआई को होने वाली फंडिंग के प्रमुख स्रोतों के अलावा तरीके के बारे में नदीम से पूछताछ की।
पूछताछ में पीएफआई के नेटवर्क को लेकर भी कई राज सामने आए है। इसी तरह एटीएस की एक टीम ने भी नदीम से पूछताछ की। नदीम के केरल जाकर ट्रेनिंग लेने से लेकर संगठन के लिए अन्य सिपहसलारों को खड़ा करने की बात उजागर हुई है। बुधवार शाम एसपी अनुराग वत्स भी कुर्सी थाने पहुंचे और करीब एक घंटे तक नदीम से पूछताछ की। संवाद