सूरतगंज (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के कुतलूपुर गांव में मंगलवार को एक निजी लाइनमैन की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप कि कि गांव के बाहर पेड़ कटवा रहे एक ठेकेदार ने उसे शटडाउन का झांसा देकर खंभे पर चढ़ाया था। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच कर रही है।
मोहम्मदपुर खाला थाना इलाके के कुतलूपुर निवासी पंकज तिवारी (30) पावर कॉर्पोरेशन में अस्थायी तौर पर लाइनमैन के रूप में काम करता था। उसके भाई मोनू तिवारी ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे गांव के बाहर लकड़ी का ठेकेदार अल्ताफ यूकेलिप्टस का पेड़ कटवा रहा था। पेड़ों के पास से ही हाईटेंशन लाइन गुजरी है। लाइन का तार पेड़ को छू रहा था।
ठेकेदार अल्ताफ ने पंकज को शटडाउन का झांसा देकर तार खोलने के लिए उसे बिजली के खंभे पर चढ़ा दिया। इस दौरान पंकज करंट की चपेट में आ गया और नीचे आ गिरा। गंभीर रूप से झुलसे पंकज को सीएचसी सूरतगंज ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेई एसपी मिश्रा ने बताया कि मृतक का पावर कॉर्पोरेशन से कोई संबंध नहीं था। घटना की जांच की जा रही है।
करुण क्रंदन देख नम हो गई आंखें
पंकज तिवारी की चार वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उसके तीन वर्षीय एक बेटा नमो तिवारी है। पंकज की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी ज्योति तिवारी रोते हुए बेहोश हो जा रही थी। करुण क्रंदन देखकर गांव वालों की आंखें भी नम हो गईं।