घुंघटेर (बाराबंकी)। बिजली का तार ठीक करते समय करंट लगने से एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। आननफानन में परिवारीजन उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम नगरा निवासी रामनरेश यादव के 14 वर्षीय पुत्र शिवा ने रविवार शाम टंकी में पानी भरने के लिए सबमर्सिबल चलाया लेकिन वह नहीं चला जिससे वह तार दुरुस्त करने लगा। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। शिवा की आवाज सुन घर में घर के लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी लेकिन शिवा गंभीर रूप से झुलस गया।
परिवारीजन फौरन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शिवा की मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता रामनरेश ने बताया कि शिवा कक्षा आठ में पढ़ता था।
परिवारीजनों ने रविवार को ही पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। अधिशासी अभियंता राधेश्याम भाष्कर का कहना है कि करंट से मौत की जानकारी नहीं है। (संवाद)