कुर्सी (बाराबंकी)। एक बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा दिया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कुर्सी थाना क्षेत्र के ग्राम अमरसंडा निवासी अजय गौतम (20) मंगलवार रात बाइक से अनवारी जा रहा था। कुर्सी-लखनऊ मार्ग पर उमरा चौकी के निकट एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन बाइक सवार युवक को रौंदते हुए निकला गया। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राह निकलते लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
कपड़े से परिजनों ने युवक की पहचान की। उमरा चौंकी इंचार्ज शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा दिया था। जिससे शव क्षतिग्रस्त हो गया था। चेहरा पूरी तरह से बेकार हो गया था। मृतक के पास कोई कागजात भी नहीं थे जिससे उसकी पहचान हो सके। बाइक के नंबर प्लेट से परिजनों तक पहुंचा जा सका। मृतक के पिता ने कपड़ों से शव की पहचान की। मृतक का नाम अजय बताया। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
ट्रक से भिड़ी बस, दो यात्री घायल
रामसनेहीघाट। अयोध्या हाईवे पर बुधवार सुबह दिल्ली से बिहार जा रही एक निजी डबल डेकर बस ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में सिर्फ दो यात्री घायल हुए बाकी सभी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। रामसनेहीघाट क्षेत्र में हाईवे पर स्थित धरौली गांव के पास सुबह करीब 11 बजे एक बेकाबू ट्रक ने बस में पीछे से टक्कर मार दी।
इससे बस में सवार दो यात्रियों हाशिम मियां निवासी बरतोलिया बिहार और मोहम्मद कैश निवासी चमपटिया बेतिया बिहार को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे के बाद हाईवे पर बाधित आवागमन को बहाल कराया और सभी यात्रियों को दूसरी बसों से गंतव्य के लिए रवाना किया। बस में कुल 64 यात्री सवार थे। जिस ट्रक की टक्कर से हादसा हुआ, पुलिस उसके बारे में पता लगा रही है।