बाराबंकी। मार्फीन तस्करों पर शिकंजा कसते हुए जैदपुर पुलिस व क्राइम ब्रांच ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से पांच किलो डेढ़ सौ ग्राम मार्फीन बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में चार सगे भाई हैं जबकि तीन आरोपी मऊ, बलिया चंदौली जिले के निवासी हैं। ये नेपाल से लेकर दिल्ली, हरियाणा व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मार्फीन सप्लाई का काम करते थे। पुलिस टीम को एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लग्जरी कार भी बरामद की है।
एसपी यमुना ने बताया कि जैदपुर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी के साथ क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने बुधवार सुबह ग्राम चंदौली माइनर के पास से आठ तस्करों को पकड़कर उनके पास से पांच किलो 150 ग्राम मार्फीन व एक सियाज कार बरामद की।
पकड़े गए आरोपियों में चार सगे भाई खालिद उर्फ मंत्री, नजमुद्दीन, रेहान व मोइनद्दीन सभी निवासी ग्राम चंदौली थाना जैदपुर व मुख्तार आलम निवासी ग्राम चंदौली , हरिव्रत मिश्र निवासी लक्ष्मीपुर थाना रेवती जिला बलिया, अभिषेक सिंह निवासी बरोहनी थाना सैय्यदराजा जिला चंदौली। हाल पता- 7/771 सेक्टर 11 तकरोही मोड़ थाना इंदिरा नगर लखनऊ व अविनाश विश्वकर्मा निवासी कल्यानपुर थाना कोपागंज जिला मऊ व हाल पता-ककरी कॉलोनी थाना आनपारा जिला सोनभद्र है।
एसपी ने बताया कि अभियुक्त अभिषेक सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ ग्राम चंदौली में मार्फीन लेने आया था। वे लोग खालिद और अन्य लोगों से इसे खरीदते हैं। इस आधार पर पुलिस द्वारा दबिश दी गयी तो मौके पर खालिद अपने चार अन्य साथियों के साथ मार्फीन की सप्लाई कर रहा था, जिसको गिरफ्तार किया गया। एसपी बरामद मार्फीन की कीमत 15 करोड़ रुपये होने का दावा कर रहे हैं।
क्रूड माल से तैयार करते मार्फीन
आरोपी खालिद ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वे लोग झारखंड से क्रूड माल लाते हैं और इसको रिफाइन करके फाइन मार्फीन बनाते हैं। इसके बाद मार्फीन की छोटी-छोटी पुड़िया बनवाते हैं और युवक-युवतियों और प्रतिष्ठित कॉलेजों के छात्रों को सप्लाई करते हैं।
इसके अलावा कूरियर के माध्यम से बड़ी मात्रा में हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी यूपी आदि स्थानों पर भी सप्लाई करते हैं। बताया कि हमारे पास मार्फीन लेने के लिए लोग नेपाल से भी आते हैं। इसके साथ ही खालिद के परिवार और रिश्तेदार भी इस काम में सम्मिलित हैं जो लखनऊ, सीतापुर, हरदोई व अन्य जिलों में मार्फीन की सप्लाई करते हैं।
तस्करों में कोई मदरसा शिक्षक तो एमबीए पास
पुलिस द्वारा पकड़े गए तस्करों में नजमुद्दीन मदरसा आलापुर में शिक्षक के पद पर तैनात है। इसके साथ ही हरिव्रत मिश्र बीकॉम करने के साथ प्राइवेट जॉब कर रहा था। इसी तरह अविनाश विश्वकर्मा एमबीए पास है जो अब तस्करी के काम में लिप्त था।