जिले में शुक्रवार की रात व शनिवार की सुबह हुए अन्य सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई है जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जहांगीराबाद थानाक्षेत्र मेें टैंपाें पलटने से हुए हादसे में सात यात्री घायल हुए हैं जबकि कोतवाली नगर में हुए हादसे में एक युवक की जान गई है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार की देर रात नगर कोतवाली क्षेत्र के सफेदाबाद के पास साइकिल से जा रहे श्यामू वर्मा(35) पुत्र प्रताप बहादुर निवासी ग्राम बलछठ थाना जैदपुर को एक वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में श्यामू गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं दूसरा हादसा जहांगीराबाद थानाक्षेत्र में हुआ। यहां पर शनिवार को बाराबंकी शहर से सवारियां लेकर जा रहा एक टैंपो निगरी मोड़ के पास पलट गया। इस हादसे में माहेनिगार(55) पत्नी मोहर्रम अली, इकबाल(40) पुत्र मजीद, मजकीरा(60) पत्नी शिवनाथ, कल्लू(35)पुत्र कंधई लाल, राजरानी(50) सभी निवासी ग्राम टेरा व रामा देवी(60) निवासी ग्राम गुलरिहा और मोहम्मद इकबाल निवासी लोहबर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है।