सूरतगंज (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में चार दिन पहले बाइक सवारों पर हुई फायरिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस का दावा है, कि जमीन के विवाद की रंजिश में बाइक सवारों पर फायरिंग की गई थी। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर एक तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दो अगस्त की रात बुढ़ानापुर निवासी अजय उर्फ राम सिंह अपनी बाइक से रिश्तेदार धधौरा निवासी जयकरन को छोड़ने उसके घर जा रहा था। इस दौरान सूरतगंज-फतेहपुर मार्ग पर रायपुर के पास बाइक सवार पर फायरिंग कर दी गई। इस वारदात में दोनों युवक घायल हुए थे। घायलों के परिजनों ने तहरीर देकर बुढ़ानापुर के गुड्ड् रावत, अखिलेश रावत व राहुल रावत को नामजद किया था।
मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। इंस्पेक्टर वीरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि शनिवार को आरोपी राहुल रावत को दादनपुर चौराहे से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने जमीन के विवाद की रंजिश में फायरिंग करना स्वीकार किया है। आरोपी की निशानदेही पर तमंचा व एक कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस को सोते मिले आरोपी, अब दादनपुर चौराहे से गिरफ्तारी का दावा
पुलिस ने फायरिंग की वारदात का जो खुलासा किया, वह किसी के गले नहीं उतर रहा है। घटना के बाद ही एसपी यमुना प्रसाद ने बयान जारी कर बताया था कि घटना अजीब है। नामजद आरोपी घर में सोते मिले हैं, उन्हें लाया गया। इसके बाद अब पुलिस एक आरोपी राहुल रावत को दादनपुर चौराहे से गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। जबकि दो अन्य आरोपी कहां हैं? ऐसे सवाल भी उठने लगे हैं।