बाराबंकी। नेेपाल से चरस की तस्करी कर दिल्ली व हरियाणा में सप्लाई करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर को एसटीएफ व मसौली पुलिस ने धर दबोचा है। रोडवेज बस से जा रहे आरोपी के पास से पंद्रह किलो नेपाली चरस बरामद की गई है। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि यह चरस व हरियाणा, दिल्ली व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सप्लाई करता है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पता लगा रही है। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
एएसपी उत्तरी अवधेश सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब पांच बजे लखनऊ एसटीएफ व मसौली पुलिस टीम ने चौपुला के पास से एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। रोडवेज बस से आ रहे आरोपी को बहराइच व अयोध्या हाईवे बार्डर के बीच पुलिस व एसटीएफ की टीम ने बस रुकवाकर धर दबोचा। आरोपी झोले में चरस भरकर रखे था। पुलिस ने आरोपी के पास से 15 किलो नेपाली चरस बरामद किया है। एएसपी ने बताया कि पकड़ गया आरोपी सभापति वर्मा अयोध्या जिले में बालापुर थाना तारुन का निवासी है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह चरस नेपाल से लेकर आ रहा था। इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ हरियाणा और दिल्ली में सप्लाई करता है। एएसपी ने बताया कि यह आरोपी हरियाणा और दिल्ली पुलिस द्वारा तस्करी के आरोप में तीन बार जेल भेजा जा चुका है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों के बारे में पता लगा रही है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।