बाराबंकी। वृद्धावस्था पेंशन के करीब सवा लाख लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाएगा। इस काम को हर हाल में 25 मई तक पूरा किया जाना है। इसे लेकर शासन स्तर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि सत्यापन की क्रॉस चेकिंग विभागीय अधिकारियों को करनी होगी जिससे पारदर्शिता बनी रहे। प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण के आदेश पर सत्यापन का काम शुरू कराया जा रहा है।
जिले में वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों की संख्या एक लाख 17 हजार नौ सौ 46 है। मौजूदा समय इन सभी को योजना का लाभ दिया जा रहा है। योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु और बीपीएल श्रेणी में आने वाले पात्रों को एक हजार रुपये की पेंशन डीबीटी के माध्यम से दी जाती है। शासन ने ऐसे सभी लाभार्थियों का सत्यापन कराए जाने का आदेश दिया है।
शासन से जारी आदेश के बाद तहसील स्तर पर एसडीएम को और ब्लॉक स्तर पर बीडीओ को सत्यापन कराए जाने का जिम्मा सौंपा गया है। यह कार्य 25 मई तक हर हाल में पूरा करने का आदेश है। सत्यापन के बाद रिक्त स्थानों पर नए लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जाना है।
सत्यापन के बाद जो सूची अधिकारियों द्वारा निर्धारित समय सीमा से पहले उपलब्ध कराई जाएगी, उसकी क्रॉस चेकिंग जिला समाज कल्याण अधिकारी के अलावा उच्चाधिकारियों द्वारा भी की जाएगी।
शुरू कर दी गई है प्रक्रिया
वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन कराए जाने का आदेश शासन स्तर से मिलने के बाद इस दिशा में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सत्यापन सूची मिलने के बाद जिला स्तर पर उसकी क्रॉस चेकिंग भी कराई जाएगी जिससे की योजना की पारदर्शिता बनी रहे।
-सुषमा वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी