जैदपुर (बाराबंकी)। खुद को सेना का अधिकारी बताते हुए साइबर ठग ने ईंट व्यवसायी से 2,000 ईंटें मंगवाने के बहाने 63,600 रुपये की ठगी कर ली। ठग ने व्हाट्सएप कॉल और बारकोड लिंक के जरिये रकम उड़ा ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल और जैदपुर थाने में की है।
कस्बा जैदपुर के मोहल्ला अहिरान निवासी ईंट कारोबारी जहीन को रविवार सुबह एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को सेना का अधिकारी बताते हुए पास के ही साई इंटर कॉलेज में ईंटें मंगाई और ऑनलाइन भुगतान के लिए बारकोड स्कैन करने के लिए कहा।
बारकोड का लिंक टच करते ही तीन बार में पीड़ित के बैंक खाते से 63,600 रुपये कट गए। ठग की डीपी पर आर्मी यूनिफॉर्म लगी थी जिससे झांसे में आकर कारोबारी ने ईंटें भी भेज दीं। जैदपुर पुलिस के अनुसार कई अन्य दुकानदारों को भी इसी तरह कॉल आई थी लेकिन वे सतर्क रहे। थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।