बारा गांव में किसान के घर गेहूं की तौल कराते अधिकारी। -स्रोत : विभाग
बाराबंकी। गेहूं खरीद के लिए केंद्र प्रभारी किसानों की चौखट पर पहुंचने लगे हैं। रविवार को अवकाश के दिन भी खरीद हुई। केंद्र प्रभारी के साथ जिला खाद्य विपणन अधिकारी भी हैदरगढ़ में एक किसान के घर पहुंचे और करीब 425 क्विंटल गेहूं की खरीद कराई। पूरे जिले में किसानों के घर पहुंचे केंद्र प्रभारियों ने करीब 1200 क्विंटल से अधिक गेहूं की खरीद की। अब तक 24 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है जबकि पिछले साल अब तक 15 हजार क्विंटल की खरीद हुई थी।
प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद रणवीर प्रसाद ने शनिवार को नवीन मंडी में खुले गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया था। वहां गेहूं की आवक कम देख नाराजगी जताते हुए कहा था कि केंद्र प्रभारी किसानों से संपर्क करें और उनके घर जाकर गेहूं की खरीद करें।
रविवार को टिकैतनगर केंद्र प्रभारी अमित कुमार ने परसावल गांव पहुंच किसान राम कैलाश से 425 क्विंटल गेहूं की खरीद की। इसी प्रकार जिला खाद्य विपणन अधिकारी हैदरगढ़ में तैनात केंद्र प्रभारी अनुपम सिंह के साथ बारा गांव निवासी किसान आनंद प्रताप सिंह के घर पहुंचे और करीब 170 गेहूं की खरीद की।
इसी प्रकार नवीन मंडी में तैनात केंद्र प्रभारी अनूप वर्मा ने बंधौली निवासी किसान बंशीलाल से 100 क्विंटल गेहूं की खरीद की। इसके अलावा अन्य केंद्र प्रभारियों ने गांवों में किसानों के घर पहुंच खरीद की। जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि रविवार को किसानों के घरों से करीब 1200 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। अब तक 24 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है।