संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर में मरीजों का इलाज करतीं डॉक्टर
कोटवाधाम। मौसम में बदलाव के कारण बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ देखी गई। यहां महिला, पुरुष और बच्चों सहित करीब 580 नए और पुराने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं दी गईं।
मरीजों को जांच कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। आधे दिन का अस्पताल होने से कई मरीजों की जांच नहीं हो पाई। कुछ मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। कई डॉक्टर देर से पहुंचे और जल्दी जाने के कारण मरीजों का सही इलाज नहीं कर पाए।
बदोसराय के विमलेश और मुरई गांव की पूजा ने बताया कि चिकित्सक समय से बैठते तो इलाज के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ता। आधे दिन की ओपीडी में ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए। सीएमएस डॉ. अजय सिंह ने स्वीकार किया कि आधे दिन के अस्पताल से कुछ मरीजों को असुविधा हुई। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी में डॉक्टरों की लगातार तैनाती रही और मरीजों का इलाज किया गया।