स्वास्थ्य विभाग में कई बदलाव होने जा रहे हैं। ओपीडी दो शिफ्टों में चलेगी और डॉक्टर पर्चे पर दवाओं का नाम स्पष्ट और कैपिटल लेटर में लिखेंगे। भले ही यह दोनों आदेश अभी मौखिक हों, पर चिकित्सकों में इसका असर साफ दिखने लगा है।
मरीजों को इलाज में कोई दिक्कत न हो, मरीजों को अच्छा और सस्ता इलाज मिल सके इसके लिए केंद्र सरकार ने कई बदलाब करने के आदेश दिए हैैं। जेनेरिक दवाएं लिखने की सख्ती के साथी सभी डॉक्टरों को अंग्रेजी के बड़े व स्पष्ट अक्षरों में दवाओं का नाम पर्चे पर लिखने के आदेश दिए हैं।
इससे लोग साल्ट के नाम वाली दवाओं का मिलान कर सकेंगे। वहीं सुबह आठ से दो बजे तक खुलने वाली ओपीडी दूसरे पहर में चार बजे से छह बजे तक भी खुलेगी। वहीं सुबह और शाम निर्धारित समय में चिकित्सक ओपीडी में बैठेंगे। हालांकि दोनों आदेश अभी मौखिक हैं इसलिए अभी लागू नहीं हो सके हैं।
ऐसा आदेश लागू होने की जानकारी मिलने पर डॉक्टरों के हाव-भाव उड़ चुके हैं। वहीं मरीज इस आदेश को जल्दी लागू करने का इंतजार कर रहे हैं। सीएमओ डॉ. डीआर सिंह ने बताया कि स्पष्ट व अंग्रेजी के बड़े अक्षर में पर्चे पर दवाएं लिखना व चार बजे से छह बजे तक ओपीडी शुरु करने के आदेश अभी ओरल हैं, जैसे ही लिखित आदेश आ जाएगा, इसे जिले में प्रभावी ढंग से लागू करा दिया जाएगा।