बाराबंकी। जाम की परेशानी से छुटकारा दिलवाने के लिए शहर के ट्रैफिक सिस्टम को अपग्रेड कर हाईटेक बनाया जाएगा। इसके तहत अब चौराहों पर लगे स्वचालित कैमरों से ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को चिह्नित कर उनका सीधा चालान कटेगा। ट्रैफिक संचालन की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सोलर सिस्टम युक्त ट्रैफिक संचालन लाइट लगवाने के बावजूद यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाया है। इसके दृष्टिगत ही यातायात पुलिस ने अब ट्रैफिक सिस्टम को अपग्रेड करने का निर्णय लिया है।
नई व्यवस्था के तहत अब शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर सेंसरयुक्त हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे जो यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिह्नित कर उनका स्वत: ही चालान जनरेट करेंगे। शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए व्यवसायिक व्हीकल कंट्रोल सिस्टम को लागू करने की कवायद शुरू की गई है। योजना के प्रथम चरण में नाका चौराहा और पटेल तिराहे पर 18 लाख 19 हजार रुपये की लागत से सौर ऊर्जा से संचालित हाईटेक ट्रैफिक लाइटें लगाई गई लेकिन इनके बावजूद यातायात व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो सका। इन चौराहों पर यातायात पुलिस की मौजूदगी के बाद भी लोग नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं।
रेड सिग्नल होने के बावजूद कई वाहन चालक बिना रुके आगे बढ़ जा रहे हैं। अब ट्रैफिक सिस्टम को अपग्रेड करने के साथ ही पुलिस लाइन चौराहा समेत अन्य चौराहों पर भी ट्रैफिक लाइट के साथ सेंसर युक्त हाईटेक कैमरे निगरानी के लिए लगाए जाएंगे।
शहर में ट्रैफिक सुधार को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही निगरानी के लिए सेंसर युक्त हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे। इससे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऑनलाइन चालान की प्रक्रिया शुरू कर सख्त कार्रवाई तय होगी।
दिनेश कुमार सिंह, एसपी