बाराबंकी। भवन का नक्शा नहीं दिखाने के लिए स्कूल और फैक्टरी संचालकों को नोटिस जारी किया गया। एसडीएम सदर के निर्देश पर नोटिस विनियमित क्षेत्र के जेई ने जारी किया।
यह नोटिस बहराइच हाईवे पर नवीन मंडी के निकट बाबा गुरुकुल एकेडमी और सुल्तानपुर गांव के पास संचालित एक फैक्टरी को जारी किया गया है। स्कूल व फैक्टरी संचालकों ने अपने भवन का नक्शा विनियमित क्षेत्र के कहने पर भी नहीं दिखाया। एसडीएम सदर के निर्देश पर गुरुवार को विनियमित क्षेत्र के जेई ने स्कूल व फैक्टरी संचालकों को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। दोनों से भवन का नक्शा कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम सदर अभय पांडेय का कहना है कि स्कूल और फैक्टरी संचालक को भवन का नक्शा दिखाने का नोटिस जारी किया गया है।
भवन का नक्शा दिखाने के लिए पूर्व में हिंद व मेयो अस्पताल, कोका कोला फैक्टरी, शहनाई लॉज, पंजाबी ढाबा आदि के संचालकों को नोटिस जारी किया गया था। इनके जवाब पर शुक्रवार को एसडीएम की अदालत में सुनवाई होगी। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर अन्य कार्रवाई हो सकती है।