बाराबंकी। ग्राम प्रधान पद की चार रिक्त सीटों समेत बीडीसी की छह और सदस्य ग्राम पंचायत की 3317 सीटों के लिए रविवार छह जून को ब्लॉक मुख्यालयों पर नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। नामांकन पत्र सुबह आठ बजे से तीन बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे।
इसके बाद शाम पांच बजे तक दाखिल प्रपत्रों की जांच का कार्य होगा। प्रधान के रिक्त चार पदों के लिए 14 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। वहीं शपथ से वंचित 332 नवनिर्वाचित प्रधान भी अपनी पंचायत के ग्राम पंचायत सदस्यों के नामांकन कराकर कोरम पूरा कराने की कवायद में जुटे हैं।
पंचायत उपचुनाव को लेकर आज ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रधान पद के चार, बीडीसी की छह और सदस्य ग्राम पंचायत की 3317 रिक्त सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी जरुरी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
प्रधान पद के रिक्त ग्राम पंचायतों हैदरगढ़ ब्लॉक का रनापुर में तीन, सिद्धौर का देवकली में चार, निंदूरा ब्लॉक का डफरपुर में तीन और बंकी ब्लॉका का ग्राम पंचायत चचेरुवा के लिए चार नामांकन पत्रों की खरीद हुुई है।
इसके अलावा त्रिवेदीगंज, मसौली, रामनगर, पूरेडलई, फतेहपुर और निंदूरा में एक-एक वार्ड में बीडीसी की रिक्त छह सीटों के लिए भी दो दर्जन से अधिक नामानंक पत्र बिके हैं। इस संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।