बाराबंकी। लखनऊ से घर लौटते समय देवा में पत्नी व दो बच्चों समेत नहर में गिरने वाले गंगौली गांव के पवन कुमार का पता पांचवें दिन रविवार को भी नहीं लगा। उनकी पत्नी व दो बच्चों के शव मिलने के बाद अंतिम संस्कार भी हो चुका है। एसडीआरएफ तो सर्च अभियान चला ही रही है, साथ में कई थानों की पुलिस नहर पर नजरें जमाए है।
बीते दो अप्रैल को फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के गंगौली गांव निवासी पवन कुमार (35) अपनी पत्नी उर्मिला (32), बेटी रागिनी (12) और बेटे अर्पित (8) के साथ देर रात तिलक समारोह से घर लौट रहे थे। जांच में सामने आया कि देवा क्षेत्र में पुलिया के पास एक ‘एल’ आकार के मोड़ के पास बाइक समेत पूरा परिवार नहर में गिर गया। तीन अप्रैल को उर्मिला का शव जैदपुर में नहर में मिला था। सर्च ऑपरेशन में पांच अप्रैल को पुत्र अर्पित का शव जहांगीराबाद तो पुत्री रागिनी का शव सतरिख इलाके में मिला था, लेकिन पवन अब भी लापता हैं। उनके दूर बह जाने की आशंका भी है, क्योंकि उसकी पत्नी व बच्चों के शव काफी दूरी पर मिले थे। देवा के कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि नहर में खोजबीन जारी है। एसडीआरएफ भी लगी है।