आयोग के निर्देश के बाद बृहस्पतिवार को निर्विरोध निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह को जिलाधिकारी अजय यादव ने जिला पंचायत कि गेस्ट हाऊस में शपथ दिलाई। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप और स्वतंत्र प्रभार मंत्री हाजी फरीद महफूज किदवाई के अलावा तीनों विधायक भी मौजूद रहे। जिला पंचायत गेस्ट हाऊस में बृहस्पतिवार को करीब 11.40 बजे जिलाधिकारी अजय यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित अशोक सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ के बाद अशोक सिंह ने कहा कि विकास में किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने कहा कि सपा सभी वर्गों को साथ में लेकर चलने वाली पार्टी है। इसी का नतीजा है कि अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। स्वतंत्र प्रभार मंत्री हाजी फरीद महफूज किदवई ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विकास के मामले में कोई भेदभाव नहीं किया। यही कारण है कि आज पूरे प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है और आगे भी इसी तरह बहती रहेगी। प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार ने तथा सदस्यों की ओर से जिला पंचायत सदस्य मुकेश सिंह और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि जवाहर वर्मा ने जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों को बधाई दी। इस मौके पर विधायक सुरेश यादव, राममगन रावत, रामगोपाल रावत, जिलाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह, धीरेन्द्र वर्मा आदि मौजूद रहे।